Explore

Search

June 29, 2026 3:53 pm

मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सब्जी बाड़ी में गांजा उगा रहा बुजुर्ग गिरफ्तार

मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3.650 किलोग्राम वजन के तीन गांजा के हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक लोरमी हरविंदर सिंह के नेतृत्व में जरहागांव पुलिस ने ग्राम अमोरा में कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 27 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमोरा में मनियारी नदी किनारे स्थित एक सब्जी बाड़ी में अवैध रूप से गांजा की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। जांच के दौरान बाड़ी में तीन गांजा के हरे पौधे लगे मिले।

पूछताछ में आरोपी की पहचान ग्राम अमोरा निवासी 60 वर्षीय भैयालाल धुरी के रूप में हुई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त किया। जब्त पौधों का कुल वजन 3.650 किलोग्राम पाया गया।

आरोपी के विरुद्ध थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(ए) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शोभा यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्षा वर्मा तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS