रायगढ़। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी विशेष वेबसाइट और सट्टा आईडी तैयार कर देशभर के सटोरियों को उपलब्ध कराता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उसके द्वारा विकसित प्लेटफॉर्म पर क्रिकेट मैच की जानकारी टीवी प्रसारण से करीब पांच सेकेंड पहले उपलब्ध हो जाती थी, जिससे सटोरियों को बॉल-टू-बॉल सट्टेबाजी में अनुचित बढ़त मिलती थी।
पुलिस के अनुसार न्यू शंकरनगर निवासी 28 वर्षीय आदर्श कुमार केशरी को साइबर थाना की टीम ने उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपी बी.टेक इंजीनियर है और दिल्ली की एक आईटी कंपनी में कार्यरत है। पूछताछ में उसने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट से जुड़े होने और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है।
दिल्ली-नोएडा से संचालित था नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर “विनबिगप्रो” नामक प्लेटफॉर्म का तकनीकी संचालन करता था। गिरोह क्रिकेट प्रसारण में होने वाली तकनीकी देरी का फायदा उठाकर ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार करता था, जहां मैच की जानकारी टीवी प्रसारण से पहले दिखाई देती थी। इसके अलावा विभिन्न शहरों के सटोरियों को सट्टा आईडी उपलब्ध कराई जाती थी और पुलिस से बचने के लिए वेबसाइटों के नाम, यूजर आईडी और पासवर्ड लगातार बदले जाते थे।
भुगतान और विड्रॉल का भी संभालता था काम
पुलिस के मुताबिक आरोपी केवल सट्टा आईडी बेचने तक सीमित नहीं था, बल्कि सटोरियों के भुगतान और विड्रॉल संबंधी गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाता था। वेबसाइट डेवलपमेंट और सट्टा संचालन में इस्तेमाल होने वाला उसका लैपटॉप दिल्ली में होने की जानकारी भी मिली है।
दो महंगे मोबाइल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सैमसंग एस-23 और वनप्लस कंपनी के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 और 7 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क और इसके तकनीकी तंत्र से जुड़े लोगों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार नजर है। तकनीकी विशेषज्ञता का दुरुपयोग कर अवैध जुआ संचालन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रधान संपादक


