रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब निर्माण, परिवहन एवं बिक्री तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना तमनार, चौकी खरसिया एवं थाना कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
अवैध शराब के विरुद्ध तमनार और खरसिया पुलिस की कार्रवाई

थाना तमनार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम उत्तर रेगांव निवासी बसंत सिदार अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी बसंत सिदार (35 वर्ष) के कब्जे से तीन जरीकेन में कुल 15 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3,000 रुपये है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इसी प्रकार चौकी खरसिया पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 19 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। पहली कार्रवाई में तेलीकोट घरसापार क्षेत्र से शैलेन्द्र महिस (35 वर्ष) के कब्जे से लगभग 7 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा दूसरी कार्रवाई में ग्राम अंजोरीपाली क्षेत्र से दुबे सिंह राठिया के कब्जे से 12 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बरामद की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
नशीले बुट्रम इंजेक्शन नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ऑपरेशन आघात के तहत नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने नशीले बुट्रम इंजेक्शन की बिक्री से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
ज्ञात हो कि 26 मई 2026 को साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रामलीला मैदान के पास दबिश देकर सूरज पंडित एवं विमल केरकेट्टा को पकड़ा था। सूरज पंडित के कब्जे से 24 नग बुट्रम इंजेक्शन, दो सिरिंज, 7,370 रुपये नगद एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदकर युवाओं एवं नाबालिगों को बेचने की बात स्वीकार की थी। इसके आधार पर सरोज यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि सरोज यादव को नशीले इंजेक्शन सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर (35 वर्ष), निवासी खरसिया द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने 50 नग बुट्रम नशीले इंजेक्शन बेचने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 279/2026 में धारा 123, 275, 286 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 77 जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “अवैध शराब और नशे के कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की लगातार नजर है। ऑपरेशन आघात के तहत ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। विशेष रूप से युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के विरुद्ध प्रत्येक स्तर तक पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील है कि अपने क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण, परिवहन, बिक्री अथवा नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें।एसएसपी सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब, नशीले पदार्थों एवं इंजेक्शनों के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रधान संपादक


