Explore

Search

May 19, 2026 3:24 pm

अवैध कबाड़ कारोबार पर रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, 23 लाख की संपत्ति जब्त 

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी के सामान, अवैध कबाड़ और संदिग्ध कारोबार के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी”

छत्तीसगढ़ ।रायगढ़ जिले में एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने अवैध कबाड़ और संदिग्ध संपत्ति के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 23 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। 

एएसपी अनिल सोनी के मुताबिक जूटमिल थाना क्षेत्र में पटेलपाली सब्जी मंडी के पास ओडिशा पासिंग ट्रक से करीब 24 टन अवैध कबाड़ बरामद किया गया। वहीं छाल थाना क्षेत्र के ग्राम बेहरामार में छापेमारी कर 53 क्विंटल लोहे का सरिया जब्त किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ट्रक में मिला 24 टन कबाड़

थाना जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पटेलपाली सब्जी मंडी के पास मुख्य मार्ग किनारे खड़े ट्रक क्रमांक OD-19-C-4666 में भारी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ लोड है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ा।

जांच के दौरान ट्रक में लोहे और टीन का भारी मात्रा में कबाड़ लोड मिला। चालक प्रमोद कुमार यादव से कबाड़ और वाहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में करीब 24 टन कबाड़, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपए बताई गई है, और 12 लाख रुपए कीमत का ट्रक जब्त कर लिया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

बेहरामार में 53 क्विंटल सरिया जब्त

इसी क्रम में थाना छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में भोजराम पटेल के घर के सामने बने शेड में छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां भारी मात्रा में संदिग्ध लोहे का सरिया रखा गया है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग साइज के कुल 53 क्विंटल सरिया बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस द्वारा दस्तावेज मांगने पर संबंधित व्यक्ति कोई वैध बिल या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सरिया जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS