Explore

Search

August 25, 2026 9:48 am

छत्तीसगढ़ के दिव्यांशु देवांगन ने जूनियर वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, बनाया विश्व रिकॉर्ड,वित्त मंत्री ने दी बधाई

“ओपी चौधरी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सबसे सशक्त माध्यम ,पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण”

रायपुर। दिव्यांशु देवांगन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करते हुए मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित जूनियर वर्ल्ड कप की 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में उन्होंने नया विश्व रिकॉर्ड भी स्थापित किया।

दिव्यांशु की इस उपलब्धि पर ओपी चौधरी ने फोन पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण बताया।

वित्त मंत्री ने कहा कि दिव्यांशु की सफलता प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है। यह उपलब्धि साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से वैश्विक स्तर पर इतिहास रचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने का सर्वोत्तम माध्यम हैं।

श्री चौधरी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिव्यांशु भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

स्वर्ण पदक विजेता दिव्यांशु देवांगन ने प्रदेशवासियों और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के स्नेह और लगातार मिले प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने की प्रेरणा दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS