Explore

Search

October 14, 2026 4:11 pm

इस्पात मंत्रालय सचिव आईएएस संदीप पौंड्रिक ने किया भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा

“भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय करें और उत्पादन लागत में लाएं स्थायी कमी-संदीप पौंड्रिक, सचिव, इस्पात मंत्रालय”

छत्तीसगढ़ ।भारत सरकार के इस्पात सचिव आईएएस संदीप पौंड्रिक ने अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) का विस्तृत दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (अतिरिक्त प्रभार) श्री कृष्ण कुमार सिंह और इस्पात मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री अभिजीत नरेंद्र भी उपस्थित रहे। भिलाई निवास पहुंचने पर अतिथियों का स्वागत निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया, जहाँ सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।

इसके पश्चात इस्पात सचिव ने ‘इस्पात भवन’ में संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन और कार्यपालक निदेशकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार ने रावघाट परियोजना की प्रगति पर सारगर्भित प्रस्तुति दी, जबकि सुश्री शालिनी चौरसिया ने संयंत्र के उत्पादन प्रदर्शन, तकनीकी-आर्थिक मानकों और वित्तीय स्थिति का विवरण प्रस्तुत किया। चर्चा के दौरान श्री संदीप पौंड्रिक ने संयंत्र की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए प्रबंधन को भविष्य के लिए और अधिक महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने तथा स्थायी रूप से उत्पादन लागत में कमी लाने के लिए प्रोत्साहित किया।

क्षेत्रीय भ्रमण के क्रम में इस्पात सचिव सर्वप्रथम मुख्य द्वार स्थित सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र पहुंचे, जहाँ उन्होंने संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कोक ओवन बैटरी नंबर 8 की प्रोजेक्ट साइट का निरीक्षण किया और वहां चल रहे कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए। संयंत्र का भ्रमण संपन्न करने के बाद, सभी गणमान्य अतिथियों को पुनः गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके पश्चात वे रायपुर के लिए रवाना हुए। इस उच्च स्तरीय बैठक और दौरे में संयंत्र के सभी विभागों के मुख्य महाप्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS