छत्तीसगढ़ ।रायपुर पुलिस ने मुजगहन थाना क्षेत्र में हुई लूट की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, चाकू, डंडा तथा अन्य सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 8 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे की है। प्रार्थी भूषण साहू अपनी दो भांजियों और एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से भाठागांव से मुजगहन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेजबहार स्थित शुभम ऑटो पार्ट्स के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल गिराकर चाबी निकाल ली और डंडों से प्रार्थी व उसके साथी पर हमला किया। साथ ही चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
बीच-बचाव करने आई भांजियों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की तथा गलत नियत से छेड़छाड़ करते हुए उन्हें खींचने का प्रयास किया। इस दौरान उनके कपड़े फट गए। आरोपियों ने गले की चैन, ताबीज, दो मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल एवं थाना प्रभारी मुजगहन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज की जांच, मुखबिर तंत्र सक्रिय करने तथा तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।
जांच के दौरान आरोपी चेतन नामदेव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके आधार पर सह-आरोपी नितिन ध्रुव एवं तीन अन्य बालकों को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल CG 04 NC 5218, CG 04 PM 0892 दो मोबाइल फोन, चाकू, डंडा एवं लूट का सामान बरामद किया है। सभी के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 76/26 के तहत धारा 310(2), 74 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी चेतन नामदेव तथा एक अन्य बालक पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहे हैं और वर्ष 2024 में थाना विधानसभा एवं गुढियारी से निरुद्ध रह चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
1. चेतन नामदेव (20 वर्ष), निवासी मठपारा शीतला पारा, थाना टिकरापारा रायपुर
2. नितिन ध्रुव (19 वर्ष), मूल निवासी भाटापारा, वर्तमान पता शीतलापारा मठपारा, रायपुर
3. विधि के साथ संघर्षरत 03 बालक
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुजगहन थाना, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेन्द्र नगर थाना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक


