Explore

Search

April 16, 2026 10:35 pm

छत्तीसगढ़ की लोक नृत्य एवं लोककला को जीवित रखने के उद्देश्य से फोटो प्रदर्शनी आयोजित

रायपुर, 3 जनवरी।छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक नृत्य और लोककलाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘क्लाउड’ द्वारा एक विशेष फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य राज्य की पारंपरिक सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी को उससे जोड़ना है।

प्रदर्शनी में बस्तर अंचल के भानुप्रतापपुर क्षेत्र से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने बस्तर की लोककला को देखकर उत्साहपूर्वक प्रतिक्रिया व्यक्त की और आमचो बस्तर, सुघर बस्तर जैसे उद्गार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। दर्शकों ने प्रदर्शनी के छायाचित्रों को सोशल मीडिया पर साझा कर लोककला के प्रचार-प्रसार में योगदान दिया।

आयोजन के पीछे दीपेंद्र दीवान की परिकल्पना रही। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित न रखते हुए वैश्विक मंच तक पहुंचाना आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का अवसर मिलता है।

प्रदर्शनी के अवलोकन के लिए कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें रेलवे के वाणिज्यिक अधिकारी राकेश सिंह वरिष्ठ पत्रकार सरिता दुबे कुलदीप शुक्ला तथा नोकिया एवं टाटा कंसलटेंसी से जुड़ी कॉर्पोरेट टीम शामिल रही। सभी ने प्रदर्शनी की सराहना की।

मेलबर्न ऑस्ट्रेलिया से आईं पूर्व रायपुर निवासी दीपिका मिश्रा ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया का संदेश दिया और बताया कि उन्हें अपनी मिट्टी की खुशबू आज भी याद आती है। धनलक्ष्मी मिश्रा कॉलेज की प्राध्यापिका ने इसे युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत उपयोगी प्रदर्शनी बताया।

प्रदर्शनी में फोटोग्राफर दीपेंद्र दीवान अखिलेश भरोस धनेश्वर साहू हर्षा सिंदूर एवं शौर्य दीवान के छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं। छायाचित्रों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के लोक जीवन, सांस्कृतिक विविधता और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया है।

कार्यक्रम में अन्य राज्यों एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए आगंतुकों ने भी भाग लिया। बिलासपुर से पीएचडी कर रहे विद्यार्थियों के समूह तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों ने प्रदर्शनी को सराहा और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की।

यह फोटो प्रदर्शनी कला वीथिका, महंत घासीदास परिसर, घड़ी चौक, रायपुर में 4 जनवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क है तथा यह प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS