जशपुर।जशपुर जिले में वर्ष 2025 के दौरान पुलिस ने अपराध नियंत्रण, संगठित अपराधों पर कार्रवाई, तस्करी, ठगी और महिला-बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने द्वारा जारी वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में जिले में कुल 2097 एफआईआर दर्ज हुईं, जिनमें से 92.08 प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। यह आंकड़ा जिले की प्रभावी पुलिसिंग और त्वरित विवेचना को दर्शाता है।
गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई
वर्ष 2025 में हत्या के 58 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें 53 मामलों का निराकरण कर 66 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं हत्या के प्रयास के 24 मामलों में से 22 में गिरफ्तारी की गई।
दुष्कर्म के 154 प्रकरणों में 142 मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे महिला अपराधों के प्रति पुलिस की सख्त नीति स्पष्ट होती है।
नशा और अवैध तस्करी पर ऐतिहासिक प्रहार
ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य की 25,638 लीटर शराब, तस्करी में प्रयुक्त 11 वाहन तथा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 2.21 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए।
इतना ही नहीं, जिले में पहली बार SAFEMA कानून के तहत कार्रवाई करते हुए कुख्यात गांजा तस्करों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां जब्त और फ्रीज की गईं, जो माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है।
फरार अपराधियों की धरपकड़
ऑपरेशन अंकुश के अंतर्गत वर्षों से फरार 68 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई, जिनमें 22 साल से फरार लूट का आरोपी और 35 लाख की ठगी कर भागा मैनेजर भी शामिल है।
ठगी और साइबर अपराध पर सख्ती

जशपुर पुलिस ने 150 करोड़ रुपये की अंतरराज्यीय ठगी, 54 करोड़ की चिटफंड धोखाधड़ी सहित कई बड़े मामलों का खुलासा कर आरोपियों को अन्य राज्यों से गिरफ्तार किया।
साइबर ठगी मामलों में भी त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्यायालय के माध्यम से राशि रिफंड कराई गई।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम हुए 146 बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया।
मानव तस्करी के मामलों में पीड़ित नाबालिगों की सकुशल वापसी, विक्षिप्त युवती को परिजनों से मिलाना और जागरूकता आधारित अभियानों ने जशपुर पुलिस की संवेदनशील छवि को और मजबूत किया।
यातायात और कानून–व्यवस्था
वर्ष 2025 में 20,150 मोटर व्हीकल एक्ट प्रकरणों में कार्रवाई कर यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू किया गया। सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व की सराहना

जिले में अपराध नियंत्रण, त्वरित विवेचना, कठोर कानून प्रवर्तन और जनसंवेदनशील पुलिसिंग ने जशपुर पुलिस को राज्य स्तर पर एक सशक्त पहचान दिलाई है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में टीमवर्क, तकनीक और जमीनी पुलिसिंग का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
वर्ष 2026 की कार्ययोजना तैयार
जशपुर पुलिस ने आगामी वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने, महिला-बाल सुरक्षा, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और जनसहयोग से सुरक्षित समाज निर्माण को प्राथमिकता देने की घोषणा की है।
प्रधान संपादक

