नई दिल्ली।भारतीय रेल ने नव वर्ष के अवसर पर पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत को बड़ी सौगात दी है। रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में आयोजित बैठक में घोषणा की कि असम के गुवाहाटी और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन शीघ्र शुरू किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संपूर्ण परीक्षण, निरीक्षण और प्रमाणीकरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। जनवरी माह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इस मार्ग पर पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने इसे भारतीय रेल, राष्ट्र और रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वर्ष 2026 में भारतीय रेल द्वारा कई यात्री-केंद्रित पहल शुरू की जाएंगी और यह वर्ष रेल सुधारों के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगा।
इन जिलों को मिलेगा सीधा लाभ
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन से असम के कामरूप महानगर और बोंगाईगांव तथा पश्चिम बंगाल के कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, पूर्वी बर्धमान, हुगली और हावड़ा जिलों को सीधा लाभ मिलेगा।
16 कोच, 823 यात्रियों की क्षमता
इस ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 11 थ्री-टियर एसी, 4 टू-टियर एसी और 1 फर्स्ट क्लास एसी कोच शामिल है। इसकी कुल यात्री क्षमता लगभग 823 होगी।
नई तकनीक और उन्नत डिजाइन

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर के लिए पूरी तरह नया सस्पेंशन सिस्टम विकसित किया गया है। कोचों के आंतरिक भाग और सीढ़ियां एर्गोनॉमिक डिजाइन पर आधारित हैं, जबकि सुरक्षा मानकों को नए स्तर तक उन्नत किया गया है।
रात्रिकालीन यात्रा के लिए विशेष रूप से डिजाइन

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को रात्रिकालीन यात्रा के अनुरूप तैयार किया गया है। इसकी समय-सारिणी इस प्रकार होगी कि ट्रेन शाम को प्रस्थान कर अगली सुबह गंतव्य पर पहुंचेगी, जिससे यात्रियों को तेज, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।
क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद
यात्रियों को ट्रेन में क्षेत्रीय व्यंजनों का आनंद भी मिलेगा। गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में पारंपरिक असमिया व्यंजन, जबकि कोलकाता से संचालित ट्रेन में प्रामाणिक बंगाली भोजन परोसा जाएगा।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की प्रमुख विशेषताएं
• 180 किमी प्रति घंटे तक की गति वाली सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन
• बेहतर तकियों के साथ एर्गोनॉमिक डिजाइन वाले बर्थ
• स्वचालित दरवाजे और सुगम आवागमन की सुविधा
• उन्नत सस्पेंशन और कम शोर वाली यात्रा
• ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली से सुसज्जित
• उच्च स्वच्छता के लिए कीटाणुनाशक तकनीक
• उन्नत नियंत्रण और सुरक्षा प्रणाली वाला ड्राइवर केबिन
• वायुगतिकीय बाहरी बनावट और स्वचालित यात्री दरवाजे
• दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं
• आपातकालीन टॉक-बैक यूनिट
• सभी कोचों में सीसीटीवी कैमरे
विद्युत कैबिनेट और शौचालयों में एरोसोल आधारित अग्नि सुरक्षा प्रणाली

पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को भारतीय रेल के नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। यह ट्रेन गति, आराम और आधुनिक तकनीक का संतुलित संगम है, जो यात्री-केंद्रित सेवाओं, तकनीकी नवाचार और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधान संपादक


