Explore

Search

April 22, 2026 2:24 pm

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने परफॉर्मेंस असेसमेंट के लिए चयनित खिलाड़ियों को प्रदान की हॉकी किट

बिलासपुर, 2 जनवरी 2026। उप मुख्यमंत्री एवं खेल व युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने बेंगलुरु स्थित साई (Sports Authority of India) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में परफॉर्मेंस असेसमेंट के लिए चयनित खिलाड़ियों को हॉकी किट प्रदान की। उन्होंने नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास कार्यालय में गोलकीपर अल्फाज खान को गोलकीपिंग का संपूर्ण किट तथा फॉरवर्ड पोजिशन की खिलाड़ी मधु सिदार और दामिनी खुसरो को हॉकी स्टिक सौंपी।

उल्लेखनीय है कि ये तीनों खिलाड़ी बिलासपुर के स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में पिछले तीन वर्षों से हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जून 2022 से संचालित बहतराई के आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में वर्तमान में 67 खिलाड़ी हॉकी का प्रशिक्षण ले रहे हैं। राज्य शासन एवं प्रशिक्षकों के सहयोग से यहां से निरंतर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर रहे हैं। किट वितरण के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक ए. एक्का तथा वरिष्ठ हॉकी कोच श्री राकेश टोप्पो भी उपस्थित रहे।

रायपुर निवासी अल्फाज खान 12 से 19 दिसंबर तक बेंगलुरु के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित परफॉर्मेंस असेसमेंट कैंप में शामिल हुए थे, जहां भारतीय हॉकी टीम के कोच श्री पी.आर. श्रीजेश ने देशभर के खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया। वहीं जशपुर की मधु सिदार और कबीरधाम (बोड़ला) की दामिनी खुसरो 16 से 23 जनवरी तक आयोजित होने वाले असेसमेंट कैंप में भाग लेंगी।

तीनों खिलाड़ियों का चयन 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। मधु सिदार और दामिनी खुसरो गत वर्ष आयोजित वेस्ट जोन हॉकी चैम्पियनशिप की विजेता टीम का हिस्सा रही थीं, जिसमें मधु सिदार सर्वाधिक गोल कर टॉप स्कोरर बनी थीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS