Explore

Search

November 16, 2025 3:51 am

शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बाबू को दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया जुर्म

बिलासपुर। शिक्षा विभाग के सहायक कार्यक्रम समन्वयक ने अपने ही कार्यालय के बाबू से अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दे दी। इस घटना से आहत बाबू ने जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर को लिखित शिकायत करने के साथ ही सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरकंडा के बंगालीपारा में रहने वाले सुमंत कुमार यादव (48) समग्र शिक्षा के जिला परियोजना कार्यालय में क्लर्क हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि राज्य परियोजना कार्यालय रायपुर से स्थापना और वेतन संबंधी जानकारी मांगी गई थी। इसके तहत क्लर्क ने कार्यालय में पदस्थ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी तैयार कर ली थी। लेकिन सहायक कार्यक्रम समन्वयक चंद्रभान सिंह ठाकुर ने अपनी स्थापना और वेतन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई थी। इससे उनका कार्य अधूरा रह गया। क्लर्क ने जब ठाकुर को मोबाइल पर कॉल किया तो उन्होंने फोन रिसिव नहीं किया। इसके बाद क्लर्क ने कार्यालय के ऑपरेटर से कॉल लगाने के लिए कहा। ऑपरेटर ने फोन लगाया और स्पीकर पर बात कराई। इसी दौरान क्लर्क ने रायपुर से आए आदेश का हवाला देते हुए जानकारी मांगी। इस पर अधिकारी चंद्रभान सिंह ठाकुर गाली-गलौज पर उतर आए। क्लर्क ने जब उन्हें टोका तो उन्होंने खुलेआम जान से मारने की धमकी दी। चूंकि फोन स्पीकर पर था, इसलिए कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने भी पूरी घटना सुनी। घटना के बाद क्लर्क सुमंत यादव ने तत्काल इसकी जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर को दी। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सहायक कार्यक्रम समन्वयक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS