Explore

Search

January 19, 2026 6:59 pm

कथित पत्रकार बन सरकारी कर्मचारियो से उगाही करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,4 गिरफ्तार

कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कवर्धा: कबीरधाम पुलिस ने सरकारी कर्मचारियों को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने वाले चार कथित पत्रकारों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। ये लोग झूठी और भ्रामक खबरें छापकर कर्मचारियों को निलंबन और जांच का भय दिखाकर पैसों की मांग करते थे।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा ?

18 मार्च 2025 को मदन सिंह पुरले और प्रभात गुप्ता नामक सरकारी कर्मचारियों ने थाना कवर्धा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुछ कथित पत्रकार उन्हें फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली कर रहे हैं।

पढ़े शिकायतकर्ताओं ने क्या दिया बयान

• मदन सिंह पुरले (ग्रामीण चिकित्सा सहायक) ने बताया कि आरोपियों ने उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितता की झूठी खबर प्रकाशित करने की धमकी दी और निलंबन व ट्रांसफर का डर दिखाकर 10,000 की वसूली की।

• प्रभात गुप्ता (नेत्र सहायक अधिकारी) ने कहा कि कथित पत्रकारों ने झूठी खबरें प्रकाशित कर मानसिक प्रताड़ना दी और 32,000 की जबरन वसूली की।

गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी

1. अमन बिसारिया – कथित मंत्री का निजी सचिव, जो वॉयस चेंजर ऐप से महिला की आवाज में फोन कर ब्लैकमेल करता था।

2. रियाज अत्तारी – टाइम्स न्यूज इंडिया पोर्टल का संचालक।

3. फिरोज खान – 24 सीजी न्यूज का कथित पत्रकार।

4. अजय जांगड़े – एक अन्य पोर्टल संचालक।

कैसे करता था गिरोह काम ?

यह गिरोह सरकारी कर्मचारियों पर झूठी खबरें प्रकाशित करने का दबाव बनाता था। किसी भी कर्मचारी से आरटीआई डालकर या अन्य माध्यमों से जानकारी लेकर उसे ब्लैकमेल किया जाता था। फिर खबर न छापने के बदले उनसे पैसों की मांग की जाती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इन कथित पत्रकारों के पास कोई अधिकृत पत्रकार प्रमाण पत्र नहीं था और ये सिर्फ उगाही के लिए मीडिया का नाम इस्तेमाल कर रहे थे।

पुलिस की कार्रवाई ?

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर एएसपी पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल की देखरेख में थाना कवर्धा पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की। एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर और थाना प्रभारी लालजी सिन्हा के नेतृत्व में साइबर सेल की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में पुलिस ने धारा 319(2), 308(2), 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह से जुड़े कुछ और लोग भी हो सकते हैं, जिनकी पहचान कर जल्द ही और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।

पुलिस की अपील ऐसे लोगो की सूचना पुलिस को दे

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि अगर कोई इस तरह से ब्लैकमेल करने की कोशिश करता है, तो वे तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS