Explore

Search

December 7, 2025 4:28 am

गुंडराजगुडेम मुठभेड़: 10 लाख के इनामी दो माओवादी ढेर

सुकमा, 2 मार्च 2025 छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले सुकमा में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। गुंडराजगुडेम क्षेत्र में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में 10 लाख के इनामी दो हार्डकोर माओवादी मारे गए।

पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने जानकारी दी कि सुकमा डीआरजी और 203 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम 28 फरवरी को नक्सल विरोधी अभियान के तहत गुंडराजगुडेम क्षेत्र में रवाना हुई थी। 1 मार्च की सुबह करीब 9 बजे घने जंगल और पहाड़ी इलाके में माओवादियों से मुठभेड़ शुरू हो गई, जो रुक-रुक कर जारी रही।

मारे गए माओवादियों की शिनाख्त

मुठभेड़ के बाद इलाके की तलाशी में दो माओवादी ढेर मिले, जिनकी पहचान पामेड़ एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्यों के रूप में हुई—

1. सोड़ी लिंगे (ACM) – महिला माओवादी, पश्चिम बस्तर (बीजापुर) निवासी, 5 लाख की इनामी।

2. पोड़ियाम हड़मा (ACM) – जनताना सरकार अध्यक्ष, पश्चिम बस्तर (बीजापुर) निवासी, 5 लाख की इनामी।

बरामद हथियार और नक्सली सामग्री

सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्री बरामद की, जिसमें शामिल हैं:

• 1 बीजीएल लॉन्चर

• 1 नग 12 बोर रायफल

• 5 बीजीएल सेल और 4 बीजीएल कॉटीज

• 5 नग 12 बोर रायफल के जिंदा राउंड

• 1 वायरलेस सेट

• विस्फोटक सामग्री, नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोगी सामान

बस्तर IG का बयान

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने कहा कि बस्तर पुलिस और सुरक्षा बल लोकतंत्र और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। आने वाले दिनों में नक्सल उन्मूलन अभियान को और तेज किया जाएगा।

इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है, जो क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को कमजोर करने में मदद करेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS