Explore

Search

October 15, 2026 11:55 pm

नवरात्रि मेले में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने SECR का विशेष अभियान

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी 280 स्टेशनों सहित कॉलोनियों, अस्पतालों और कार्यालयों में पेयजल स्रोतों की सघन जांच एवं निगरानी

CBN36 बिलासपुर। नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा विशेष जांच एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन तथा प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. देवेश कुमार के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत रेलवे के सभी 280 स्टेशनों एवं प्रमुख परिसरों में पेयजल की गुणवत्ता, उपलब्धता, स्वच्छता और रखरखाव व्यवस्था की सघन जांच की जा रही है।

प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. देवेश कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मंगला नारायण के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पेयजल की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा मौके पर ही पानी में अवशिष्ट क्लोरीन और कुल घुलित ठोस पदार्थों की जांच की जा रही है। वहीं, जीवाणु एवं रासायनिक परीक्षण के लिए पानी के नमूने भी एकत्र किए जा रहे हैं।

डोंगरगढ़ सहित प्रमुख स्टेशनों पर विशेष निगरानी

नवरात्रि मेले के प्रमुख केंद्र डोंगरगढ़ सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, खाद्य संरक्षा अधिकारियों और स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान पेयजल की उपलब्धता, गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

अभियान का दायरा केवल रेलवे स्टेशनों तक सीमित नहीं है। इसके अंतर्गत रेलवे कॉलोनियों, अस्पतालों, कार्यालयों और अन्य प्रमुख परिसरों में उपलब्ध पेयजल स्रोतों को भी शामिल किया गया है। नल, वाटर कूलर, वाटर बूथ और वाटर फिल्टर सहित सभी प्रमुख पेयजल सुविधाओं का निरीक्षण एवं नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रियों, रेल कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को सुरक्षित पेयजल मिल सके।

मानकों का पालन नहीं होने पर होगी सुधारात्मक कार्रवाई

पेयजल के नमूनों की जांच में जहां भी निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधार की आवश्यकता सामने आती है, वहां संबंधित स्रोतों में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाती है। इसके बाद दोबारा नमूने लेकर जांच की जाती है, ताकि पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ अवशिष्ट क्लोरीन की निर्धारित मात्रा बनाए रखी जा सके।

रेलवे प्रशासन द्वारा पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई, स्वच्छता और रखरखाव व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया जा रहा है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह विशेष अभियान नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और रेलवे परिसरों में बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। रेलवे प्रशासन ने सभी निर्धारित स्थलों पर पेयजल की गुणवत्ता की निगरानी करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS