Explore

Search

October 15, 2026 11:15 pm

तोखन साहू के जन्मदिन पर रतनपुर से भरनी-परसदा तक उत्सव, हजारों लोगों ने दी बधाई

“अमित शाह, राजनाथ सिंह, अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई दिग्गज नेताओं ने दी शुभकामनाएं, रतनपुर में पीएम आवास योजना की परियोजना का भूमिपूजन”

CBN36 बिलासपुर-रतनपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद तोखन साहू के जन्मदिन पर रतनपुर से भरनी-परसदा तक उत्सव का माहौल रहा। जन्मदिन के अवसर पर देशभर से शुभकामनाएं मिलने के साथ ही विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत और जनमोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

पीएम आवास योजना की परियोजना का भूमिपूजन

जन्मदिन के अवसर पर तोखन साहू ने रतनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया। इस परियोजना की लागत 864.66 लाख रुपये यानी 8 करोड़ 64 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है। इसे छत्तीसगढ़ की पहली ऐसी परियोजना बताया गया। इस दौरान साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार आवासहीन परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने और शहरी गरीबों के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

रतनपुर से भरनी-परसदा तक हुआ भव्य स्वागत

तोखन साहू के जन्मदिन का उत्साह एक दिन पहले रात से ही दिखाई देने लगा था। पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुष्पमालाओं, गुलदस्तों और विभिन्न आयोजनों के माध्यम से उनका स्वागत किया। अगले दिन भी रतनपुर से भरनी-परसदा तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम हुए। हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

समर्थकों ने केक के माध्यम से उनकी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। कई स्थानों पर दीपों से सजी थालियों के साथ स्वागत किया गया। बैंड-बाजे, जेसीबी से पुष्पहार पहनाने और लड्डुओं से तुलादान जैसे आयोजनों ने उत्सव को खास बना दिया। पूरे क्षेत्र में समर्थकों का उत्साह देखने लायक रहा।

जन्मदिन पर 20 यूनिट रक्तदान, सिम्स को किया समर्पित

जन्मदिन को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए 20 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्त सिम्स अस्पताल को उपलब्ध कराया गया। इस पहल के जरिए जनमोत्सव में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।

भरनी-परसदा में विधायक धर्मजीत सिंह के नेतृत्व में जनमोत्सव

तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह के नेतृत्व में भरनी-परसदा में भव्य जनमोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और केंद्रीय राज्य मंत्री को शुभकामनाएं दीं। हजारों लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।

कार्यक्रम में कलाकार अनुराग शर्मा की सांस्कृतिक प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं, नया रायपुर के रेत कलाकार हेमचंद साहू ने रेत से तोखन साहू की आकर्षक कलाकृति तैयार की। सेलिब्रिटी ईशिता विश्वकर्मा ने ‘राम आएंगे’ सहित देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांधा।

पिता का आशीर्वाद लेकर मां महामाया के दरबार पहुंचे

तोखन साहू ने अपने जन्मदिन की शुरुआत पिता बलदाऊ साहू का आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद वे सपरिवार रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

जन्मदिन पर मिले स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए साहू ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनसेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS