Explore

Search

October 15, 2026 9:46 pm

एसईसीएल सुरक्षा प्रहरी के पहले बैच का प्रशिक्षण पूरा, 33 प्रशिक्षु हुए प्रशिक्षित

निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास ने प्रशिक्षुओं को किया प्रोत्साहित, कहा-वर्दी पहचान के साथ अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक

CBN36 बिलासपुर, 15 अक्टूबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में संचालित ‘एसईसीएल सुरक्षा प्रहरी’ बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का प्रशिक्षण गुरुवार को पूरा हो गया। मानव संसाधन संस्थान, इंदिरा विहार, बिलासपुर में आयोजित समापन समारोह में प्रथम बैच के 33 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

16 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक चले लगभग एक माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को कंपनी की नीतियों एवं नियमों, सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं, हथियार संचालन तथा शारीरिक और मानसिक दक्षता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य सुरक्षा प्रहरियों को आवश्यक कौशल, अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा से लैस करना है, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन प्रभावी ढंग से कर सकें।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास ने प्रशिक्षुओं को बधाई दी और कहा कि वर्दी केवल सामान्य वस्त्र नहीं, बल्कि व्यक्ति की पहचान है। यह उसके चरित्र, अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अपने आचरण में संयम, व्यवहार में शालीनता और निर्णय लेने में विवेक बनाए रखने की सीख दी। उन्होंने सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता और निष्ठा के साथ करने पर भी जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि बिरंची दास ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में महाप्रबंधक (मानव संसाधन/सुरक्षा) सुवंकर परिड़ा, महाप्रबंधक एचआरडी बी.सी. सेठी, सुरक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट कमांडर बी. दक्षिणामूर्ति सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक और सहयोगी उपस्थित रहे।

एसईसीएल का ‘सुरक्षा प्रहरी’ कार्यक्रम कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सतर्क और प्रभावी बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से सुरक्षा कर्मियों की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, जिम्मेदारी और पेशेवर कार्यशैली विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS