“अपराधों के निराकरण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, साइबर जागरूकता और डायल 112 में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान”
CBN36 बलौदाबाजार, 14 अक्टूबर 2026। जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराधों के त्वरित निराकरण और आम जनता को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को ‘COP OF THE MONTH’ के रूप में सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित समारोह में सभी चयनित अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में आयोजित इस सम्मान समारोह का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के साथ ही जिले में प्रभावी कानून-व्यवस्था, बेहतर अपराध अनुसंधान और जनसेवा की भावना को और मजबूत करना है। सम्मानित पुलिसकर्मियों ने अपराधों के निराकरण, जटिल मामलों की साक्ष्य-आधारित विवेचना, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता, आपातकालीन सहायता तथा गोपनीय सूचनाओं के संकलन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है।
इस अवसर पर एसपी गौरव राय ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में तत्परता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक होता है, बल्कि आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत करता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन और जनसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
इन 10 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

अपराधों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य: निरीक्षक परिवेश तिवारी (तत्कालीन थाना प्रभारी पलारी, वर्तमान थाना प्रभारी सिमगा) को खात्मा स्वीकृत कराने एवं अपराधों के निराकरण में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं निरीक्षक प्रवीण मिंज (तत्कालीन थाना प्रभारी कसडोल) को अपराध निराकरण की कार्रवाई में जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चुना गया।
गुणवत्तापूर्ण विवेचना: उप निरीक्षक शेख करीमुद्दीन कुरैशी (तत्कालीन थाना सिमगा) और सहायक उपनिरीक्षक कुलमणी बारीक (तत्कालीन थाना भाटापारा शहर) को अपराध अनुसंधान तथा जटिल आपराधिक मामलों में गुणवत्तापूर्ण एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना के लिए सम्मानित किया गया।
साइबर जागरूकता अभियान: राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने और जन-जागरूकता बढ़ाने में योगदान के लिए उप निरीक्षक संदीप बंजारे (थाना प्रभारी गिधौरी) तथा आरक्षक 837 प्रवीण यादव (थाना लवन) को सम्मान मिला।
डायल 112 में त्वरित सेवा: आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल मौके पर पहुंचकर आम नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए आरक्षक 608 रूपेश कुमार बघेल (थाना भाटापारा ग्रामीण) और आरक्षक 757 कमलेश्वर बर्मन (थाना कसडोल) को सम्मानित किया गया।
साइबर सेल एवं आसूचना संकलन: तकनीकी विश्लेषण, साइबर सेल के कार्यों और गोपनीय सूचनाओं के संकलन के जरिए अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए आरक्षक 593 गौरी कश्यप (साइबर सेल) तथा आरक्षक 844 श्रीचंद ध्रुव (आसूचना संकलन) को ‘COP OF THE MONTH’ से सम्मानित किया गया।
पुलिस विभाग की इस पहल से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का मनोबल बढ़ने के साथ ही जिले में अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति जवाबदेही को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
प्रधान संपादक