नवरात्रि-दशहरा के लिए सुरक्षा अलर्ट, तेज रफ्तार और तीन सवारी वालों पर रोजाना कार्रवाई के निर्देश,लंबित मामलों की स्थिति पर जताई नाराजगी

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त एक्शन प्लान, त्योहारों में सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर जोर
CBN36 रायगढ़। नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में अपराध समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही लंबित अपराधों के निराकरण और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए।
एसएसपी ने दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया कार्यक्रमों और दशहरा आयोजनों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि शहर और संवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक पेट्रोलिंग की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
लंबित अपराधों पर सख्ती
वर्ष 2025 से पहले के लंबित मामलों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी ने आगामी दो माह तक विशेष अभियान चलाकर प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। नवीन आपराधिक कानूनों के तहत निर्धारित 60 एवं 90 दिवस की समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बदमाशों और वारंटियों पर कार्रवाई: असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज करने तथा फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए।
यातायात नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं
त्योहारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष प्लान बनाया जाएगा। प्रेशर हॉर्न, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रतिदिन कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने गुम इंसानों की तलाश में गंभीरता बरतने, तीन माह से अधिक पुराने मर्ग प्रकरण लंबित नहीं रखने तथा प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को जवाबदेही के साथ थाना संचालन करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी और शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक