राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों ने लोकभवन में की सौजन्य भेंट
CBN36 रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों ने सोमवार को लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष श्री किशोर महानंद भी उपस्थित रहे। उनके साथ पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल उपलब्धियों और अनुभवों को राज्यपाल के साथ साझा किया।
राज्यपाल रमेन डेका ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी न केवल अपने परिवार और समाज, बल्कि पूरे प्रदेश एवं देश का गौरव बढ़ाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और लगन के साथ आगे बढ़ने तथा आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विभिन्न खेलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी रहे शामिल
राज्यपाल से सौजन्य भेंट करने वालों में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर प्रदीप क्षत्री एवं लखपति सिंदूर, वेटलिफ्टर कैलाश सिक्का, बास्केटबॉल खिलाड़ी कु. सौपी सिक्का, थाई बॉक्सिंग की स्वर्ण पदक विजेता कु. मानसी तांडी, सॉफ्टबॉल खिलाड़ी कु. गंगा सोना एवं कु. प्रतिमा सोना, फुटबॉल खिलाड़ी बोस्टो तांडी एवं राजेश महानंद, कराटे खिलाड़ी कु. लक्षिता तांडी, किक बॉक्सिंग खिलाड़ी कु. रीयाशा बाघ तथा पावरलिफ्टर कु. प्रिया हरपाल शामिल रहे। इनके साथ ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन-5’ के विजेता श्री रितेश पाल भी मौजूद थे।
राज्यपाल श्री डेका ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधान संपादक