Explore

Search

October 13, 2026 12:01 am

राज्यपाल रमेन डेका से गेड़ी लोक नर्तक अनिल गढ़ेवाल ने की सौजन्य भेंट

कर्तव्य पथ और राष्ट्रपति भवन में गेड़ी नृत्य की प्रस्तुति से छत्तीसगढ़ को दिलाई राष्ट्रीय पहचान

CBN36 रायपुर, 12 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गेड़ी लोक नर्तक एवं लोक श्रृंगार भारती, बिलासपुर के संचालक अनिल कुमार गढ़ेवाल ने आज लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उनके सहयोगी लक्ष्मी नारायण मांडले भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि अनिल कुमार गढ़ेवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के गेड़ी लोक नृत्य दल ने 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शानदार प्रस्तुति दी थी। इसके अलावा, 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में भी दल ने गेड़ी नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की। राष्ट्रीय स्तर के इन प्रतिष्ठित आयोजनों में प्रस्तुति देकर दल ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान की।

राज्यपाल रमेन डेका ने अनिल गढ़ेवाल एवं उनकी टीम के प्रयासों और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकनृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं। लोक कलाकार अपनी कला और प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ ही सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

राज्यपाल ने अनिल गढ़ेवाल एवं उनके सहयोगियों को लोककला के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में निरंतर कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार भविष्य में भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को देशभर में गौरवान्वित करते रहेंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS