
अजाक थाना बिलासपुर को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार, डीएसपी डीआर टंडन को मिला पुलिस महानिदेशक पुरस्कार
CBN36 बिलासपुर छत्तीसगढ़ । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस के खाते में दो बड़ी उपलब्धियां जुड़ी हैं। वर्ष 2025 में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर राज्य स्तरीय पुलिस पुरस्कारों में बिलासपुर पुलिस को दो प्रतिष्ठित सम्मान मिले हैं। अजाक थाना बिलासपुर को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जबकि उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डीआर टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार प्रदान किया गया है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों में उत्कृष्ट कार्य किया। अजाक थाना बिलासपुर को मिले शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार के तहत रनिंग शील्ड, 50 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इसी क्रम में उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डीआर टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें 25 हजार रुपये नगद एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान प्रकरणों की उत्कृष्ट विवेचना, संवेदनशील कार्यप्रणाली, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया है।
पुरस्कार मिलने पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम साहू सहित थाना के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को 5-5 हजार रुपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
पिछले साल भी मिला था सम्मान
बिलासपुर पुलिस को लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पिछले वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार मिला था।
कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा पर जोर
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे बिलासपुर पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां पुलिस बल को और अधिक समर्पण, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि बिलासपुर पुलिस भविष्य में भी आमजन, विशेषकर समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की सुरक्षा, न्याय एवं अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
प्रधान संपादक




