पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त के मुख्य समारोह का हूबहू पूर्वाभ्यास, कलेक्टर-एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
CBN36 बिलासपुर, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में होने वाले समारोह को लेकर गुरुवार सुबह अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में होने वाले कार्यक्रम का हूबहू पूर्वाभ्यास किया गया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने रिहर्सल के दौरान समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रदर्शन, पुरस्कार एवं सम्मान समारोह समेत सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमा और भव्यता के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने रिहर्सल में मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई।
13 टुकड़ियां करेंगी शानदार मार्च पास्ट

फुल ड्रेस रिहर्सल में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण और 13 टुकड़ियों के मार्च पास्ट का अभ्यास किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इस बार मुख्य समारोह के लिए छह स्कूलों का चयन किया गया है। इन स्कूलों के विद्यार्थी सामूहिक रूप से देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

ताईक्वांडो प्रदर्शन रहेगा नया आकर्षण
इस वर्ष समारोह में बच्चों के साहसिक खेल ताईक्वांडो का प्रदर्शन खास आकर्षण रहेगा। इसके अलावा जिला पुलिस और केंद्रीय जेल की संयुक्त बैंड टीम देशभक्ति की धुनों पर विशेष प्रस्तुति देगी।
शहीद जवानों और नागरिकों के परिजनों को किया जाएगा नमन
मुख्य समारोह में नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों और नागरिकों के परिवारों के प्रति आदर एवं श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके योगदान को नमन किया जाएगा। वहीं, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
ब्रह्माकुमारी बहनें दिलाएंगी नशामुक्ति की शपथ
समारोह के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। अंतिम रिहर्सल में कार्यक्रम के प्रत्येक चरण का समयबद्ध और व्यवस्थित पूर्वाभ्यास किया गया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमापूर्ण, अनुशासित और आकर्षक हो। कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों, विद्यार्थियों और अतिथियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। जिला प्रशासन के अनुसार समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रधान संपादक



