Explore

Search

July 17, 2026 4:22 pm

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चाँपा स्टेशन का आज लोकार्पण

बिलासपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल स्थित चाँपा रेलवे स्टेशन का भी लोकार्पण किया जाएगा। छत्तीसगढ़ से इस चरण में तीन स्टेशन-चाँपा, सरोना और बालोद-योजना में शामिल हैं।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भारतीय रेलवे देशभर के स्टेशनों का आधुनिकीकरण कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का कार्य कर रही है। योजना के तहत अब तक 261 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा किया जा चुका है।

जांजगीर-चाँपा जिले के प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र चाँपा रेलवे स्टेशन का लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया गया है। स्टेशन परिसर का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण करते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, नवीनीकृत बुकिंग काउंटर, वीआईपी कक्ष, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, महिलाओं, पुरुषों एवं दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक शौचालय, लिफ्ट, टैक्टाइल टाइल्स तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित की गई है।

स्टेशन परिसर में सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार, चौड़ी सड़कें, सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग, स्टेनलेस स्टील बैठने की व्यवस्था, हाई मास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, आधुनिक ट्रेन एवं कोच डिस्प्ले बोर्ड, डिजाइनर साइनेज तथा आकर्षक फसाड का निर्माण भी किया गया है। दिव्यांगजन अनुकूल रैंप और अन्य सुविधाओं के साथ स्टेशन को अधिक सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाया गया है। स्थानीय लोक कला और संस्कृति को भी स्टेशन की डिजाइन में प्रमुखता से स्थान दिया गया है।

लोकार्पण समारोह चाँपा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चाँपा स्टेशन का पुनर्विकास आधुनिक रेल अवसंरचना, यात्री सुविधाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS