बिलासपुर। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत हैदराबाद में आयोजित ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में एसईसीएल ने कोल इंडिया लिमिटेड का प्रतिनिधित्व किया। तीन दिवसीय यह समिट 14 से 16 जुलाई तक आयोजित की जा रही है।
समिट के दौरान एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने “ब्रिक्स+ देशों में सर्वोत्तम प्रथाएं” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में हिस्सा लिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के समक्ष कोल इंडिया की मानव संसाधन प्रबंधन, कर्मचारी कल्याण और सामाजिक विकास से जुड़ी प्रमुख पहलों की जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि कोल इंडिया अपने 2.2 लाख से अधिक कर्मचारियों के लिए कर्मचारी कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। जन-केंद्रित नीतियों और सहभागी कार्यसंस्कृति के माध्यम से संगठन उत्पादकता और कर्मचारियों के हितों के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
बिरंची दास ने एसईसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि “एसईसीएल के सुष्रुत” और “एसईसीएल की धड़कन” जैसी पहल के माध्यम से कोयलांचल क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
समिट में 50 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों के साथ भारतीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि, श्रम विशेषज्ञ और शिक्षाविद शामिल हुए। सम्मेलन में सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, भविष्य के कार्यबल के लिए कौशल विकास, मानव-केंद्रित प्रौद्योगिकी, उत्तरदायी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा बदलती कार्य दुनिया में महिलाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की गई। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 की थीम “रेज़िलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” रखी गई है।
प्रधान संपादक


