Explore

Search

July 12, 2026 10:20 pm

दुर्ग पुलिस का मेगा मेडिकल कैंप, 843 पुलिसकर्मियों और परिजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

दुर्ग। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस, जन मित्र, मेघगंगा ग्रुप और स्पर्श अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नई पुलिस लाइन, थगड़ा बांध में मेगा मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने वृक्षारोपण कर किया।

कैंप में जिला पुलिस बल, सशस्त्र पुलिस बल, नगर सेना, एसडीआरएफ., सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों सहित 843 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 22 विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श दिया। इसके अलावा नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण, एनएबीएल प्रमाणित पैथोलॉजी जांच तथा विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, योग और व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर पुलिस कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं और इनका नियमित आयोजन होना चाहिए।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि अनियमित दिनचर्या और लगातार ड्यूटी के कारण पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर असर पड़ता है। समय-समय पर होने वाले ऐसे स्वास्थ्य शिविर गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में मददगार साबित होते हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि शिविर में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को भी शामिल किया गया, ताकि वे भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा सकें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें।

कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS