Explore

Search

August 27, 2026 12:31 am

रायगढ़: होटल जांच के दौरान पुलिस से अभद्रता, होटल संचालक गिरफ्तार

सुरक्षा मानकों में मिलीं खामियां, अदालत में किया गया पेश; जिलेभर में जारी रहेगा अभियान

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा होटलों में सुरक्षा मानकों का पालन और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण हमारी प्राथमिकता है। जांच के दौरान पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी”

रायगढ़। जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा व्यवस्था और अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने होटल व्हाइट रोज में जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर संचालक को समझाइश दी। इस दौरान संचालक ने पुलिस टीम से अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद उसे प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर 10 जुलाई की शाम थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर स्थित होटल व्हाइट रोज में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर संचालक सूरज सिंह (28), निवासी फतेहामुड़ा, थाना जूटमिल को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

आरोप है कि समझाइश के दौरान होटल संचालक पुलिस टीम से अभद्रता करने लगा और उसका आक्रामक रवैया जारी रहा। इसके बाद उसे कोतवाली थाना लाया गया, जहां भी उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया। पुलिस ने संज्ञेय अपराध और शांति भंग की आशंका को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक गिरफ्तारी की। वहीं, धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस का कहना है कि जिले के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना, आगंतुकों का सत्यापन करना तथा अनैतिक और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने या जांच में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि होटलों में सुरक्षा मानकों का पालन और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है। जांच के दौरान पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS