Explore

Search

August 23, 2026 10:32 am

एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले, अवैध हथियारों पर जीरो टॉलरेंस,कार से देशी कट्टा बरामद, दो गिरफ्तार,सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज

रायगढ़। चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए कार से एक देशी कट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 4.10 लाख रुपये कीमत की टोयोटा ग्लैंजा कार और अवैध हथियार जब्त किया है। मामले में फरार आरोपी की तलाश के साथ हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से रायगढ़ आ रही एक सफेद रंग की कार में सवार दो युवक अवैध देशी कट्टा लेकर शहर पहुंचने वाले हैं। सूचना पर सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पहाड़ मंदिर स्थित शराब भट्टी के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान टोयोटा ग्लैंजा (क्रमांक CG-13 AQ-6663) पुलिस को देखकर कुछ दूरी पर रुक गई। घेराबंदी कर कार में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान बजरंग रामभाठा निवासी हरीश यादव (26) और अंधियारीपार, अकलतरा निवासी तथा वर्तमान में किरोड़ीमल नगर, रायगढ़ निवासी प्रहलाद केंवट (24) के रूप में हुई।

पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई के बाद कार की तलाशी ली, जिसमें अंदर छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कट्टा और घटना में प्रयुक्त कार जब्त कर ली।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद देशी कट्टा उन्होंने योगेश चौहान उर्फ सानू उर्फ साहिल चौहान, निवासी बंगलापारा रेलवे स्टेशन, रायगढ़ से खरीदा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वह मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एसएसपी बोले, अवैध हथियारों पर जीरो टॉलरेंस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के परिवहन और उपयोग के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के साथ-साथ पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS