Explore

Search

July 1, 2026 1:11 am

आईजी रेंज बिलासपुर राम गोपाल गर्ग ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को दी भावभीनी विदाई

बेदाग सेवाकाल और अनुशासित कार्यशैली की सराहना, उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना

बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर रेंज में उप निरीक्षक रीडर रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार शास्त्री के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक आईजी आईपीएस राम गोपाल गर्ग ने की। इस दौरान कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के लंबे और अनुशासित सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

समारोह में आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से किया गया कार्य हमेशा प्रेरणा देता है। दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में विभाग की गरिमा बढ़ाई है और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने मार्च 1984 में बिलासपुर जिले में आरक्षक के रूप में सेवा शुरू की थी। पदोन्नति के बाद वे प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक और वर्ष 2020 में उप निरीक्षक बने। उन्होंने जांजगीर, कबीरधाम कवर्धा और कोरबा सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं तथा वर्ष 2023 से आईजी कार्यालय में रीडर के रूप में पदस्थ थे। अपने पूरे सेवाकाल में उन्हें 300 से अधिक पुरस्कार प्राप्त हुए और उनका सेवा रिकॉर्ड पूरी तरह बेदाग रहा।

प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार शास्त्री ने 3 फरवरी 1994 को चालक के रूप में पुलिस विभाग में सेवा प्रारंभ की थी। वर्ष 2016 में उन्हें प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नति मिली। उन्होंने बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिलों में सेवाएं दीं तथा वर्ष 2021 से पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ थे।

आईजी राम गोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में विशेष रूप से रामकुमार पटेल के 300 से अधिक पुरस्कारों और निष्कलंक सेवाकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाग को ऐसे अधिकारियों पर गर्व है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर विभाग उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लेने का प्रयास करेगा।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी तथा प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा ने भी दोनों अधिकारियों के साथ बिताए अनुभव साझा किए और उनके अनुशासित एवं समर्पित सेवाकाल की प्रशंसा की।

सेवानिवृत्त उप निरीक्षक रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र कुमार शास्त्री ने सम्मान के लिए आईजी राम गोपाल गर्ग एवं कार्यालय के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के साथ जुड़ा उनका अनुभव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और भविष्य में भी विभाग को आवश्यकता होने पर वे सहयोग के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे।

समारोह के अंत में आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को विशेष वाहन से उनके निवास के लिए सम्मानपूर्वक रवाना किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय और सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत ने किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS