
स्वच्छता अभियान, बर्ड वॉक और सीड बॉल निर्माण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रायपुर, 23 मई 2026। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर कोपरा रिजर्वायर परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन को लेकर जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जैव विविधता के महत्व के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।

आयोजकों ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई। नागरिकों, स्वयंसेवकों और पर्यावरण प्रेमियों ने जलाशय परिसर में सफाई अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

इसके बाद आयोजित बर्ड वॉक में प्रतिभागियों ने क्षेत्र में पाए जाने वाले विभिन्न पक्षियों का अवलोकन किया। विशेषज्ञों ने बताया कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने पक्षियों और जैव विविधता के पारस्परिक संबंधों की भी जानकारी दी।
वृक्षारोपण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित सीड बॉल निर्माण गतिविधि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सीड बॉल तैयार किए। इसे वन क्षेत्र विस्तार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

जैव विविधता संरक्षण, प्रकृति संवर्धन एवं वन्यजीव सुरक्षा के प्रति उपस्थित लोगों ने हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी ने पर्यावरण संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, नागरिकों और प्रकृति प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं सतत विकास के संदेश के साथ हुआ।
प्रधान संपादक


