Explore

Search

May 19, 2026 2:22 pm

बस्तर में पहली बार आयोजित हुई मध्य क्षेत्रीय परिषद की उच्च स्तरीय बैठक, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया आत्मीय स्वागत

छत्तीसगढ़ । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 19 मई 2026 का दिन बस्तर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज हो गया है। जगदलपुर में पहली बार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।

इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी अतिथियों को राजकीय गमछा भेंट कर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप सम्मान प्रदान किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर में पहली बार आयोजित हो रही यह उच्च स्तरीय बैठक क्षेत्र के लिए गौरव और विश्वास का विषय है। कभी नक्सली हिंसा की चुनौतियों से जूझने वाला बस्तर आज शांति, सुरक्षा और विकास की नई पहचान बना रहा है। ऐसे समय में देश के वरिष्ठ नेतृत्व और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति बस्तर के बदलते स्वरूप और बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय, सुरक्षा, विकास एवं प्रशासनिक विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। बैठक के दौरान सुशासन, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा अंतरराज्यीय समन्वय को मजबूत करने के विषय में भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच समसामयिक विषयों, राज्यों के बीच आपसी सहयोग तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक अंतरराज्यीय समन्वय को नई मजबूती प्रदान करेगी तथा विकसित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बस्तर के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS