Explore

Search

May 15, 2026 6:03 pm

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कृषि नवाचार पर दिया जोर

रायपुर, 15 मई 2026। रमेन डेका ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए वैल्यू एडिशन आधारित उत्पादन को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कम भूमि में अधिक उत्पादन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर बल देते हुए कहा कि कृषि अब विज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता आधारित क्षेत्र बन चुकी है।

राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने यह बात इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में कही। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विष्णु देव साय, विशिष्ट अतिथि के रूप में रामविचार नेताम तथा प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार सिंह उपस्थित रहे।

दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के विद्यार्थियों को उपाधियां एवं पदक प्रदान किए गए। कुल 1880 विद्यार्थियों को डिग्री दी गई, जिनमें 128 शोधार्थियों को पीएचडी, 518 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर तथा 1234 विद्यार्थियों को स्नातक उपाधि प्रदान की गई। विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को 13 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक भी दिए गए।

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि आज कृषि क्षेत्र में ड्रोन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उपग्रह मानचित्रण, जैव प्रौद्योगिकी और डेटा विश्लेषण जैसी तकनीकों का तेजी से उपयोग बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों और युवाओं को आधुनिक एवं उन्नत खेती की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ में बासमती जैसे उच्च गुणवत्ता वाले धान, हाइड्रोपोनिक्स और प्राकृतिक खेती की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नई फसल किस्मों और आधुनिक तकनीकों से किसानों को बड़ा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खेती को आधुनिक, लाभकारी और टिकाऊ बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार, कृषि उपकरणों की उपलब्धता और मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों से ड्रोन, एआई और डिजिटल तकनीकों को खेती से जोड़कर किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सेतु बनने का आह्वान किया।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र में अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सुगंधित धान की विविध प्रजातियों के लिए देशभर में पहचान रखता है तथा यहां फल, फूल और मसालों की भी व्यापक संभावनाएं हैं।

समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और गतिविधियों पर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, वैज्ञानिक, प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS