“संयुक्त अभियान में एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन समेत 32 हथियार मिले, अब तक 20 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त”
बीजापुर, 13 मई। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवाद विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है।आईजी बस्तर रेंज आईपीएस सुंदरराज पी ने बताया
बीजापुर पुलिस डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा एवं CRPF की संयुक्त कार्रवाई में माओवादियों के पुराने ठिकानों और डंपों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री तथा 65.52 लाख नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप जिले को नक्सलमुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक माह से बीजापुर पुलिस, डीआरजी, कोबरा एवं सीआरपीएफ के संयुक्त दलों ने सुदूर और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सघन सर्चिंग एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र के आधार पर जंगलों में छिपाकर रखे गए माओवादी डंपों का पता लगाया गया।

संयुक्त कार्रवाई में एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन, .303 रायफल सहित कुल 32 हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में कुल 461 हथियारों की रिकवरी की जा चुकी है, जबकि वर्ष 2024 से अब तक सुरक्षा बलों ने 517 हथियार बरामद किए हैं।
अभियान के दौरान थाना पामेड़ क्षेत्र के कवरगुट्टा जंगल और नेशनल पार्क एरिया से लगभग 140 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट एवं यूरिया भी बरामद किया गया, जिसे सुरक्षा मानकों के अनुरूप नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से माओवादियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार आपूर्ति तंत्र और आईईडी निर्माण क्षमता को गंभीर क्षति पहुँची है।
सुरक्षा बलों ने बताया कि अब तक की कार्रवाई में कुल 7.2852 करोड़ नकद और 8.20 किलोग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 12.80 करोड़ है, बरामद किया जा चुका है। इस प्रकार कुल 20.0852 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक संयुक्त अभियानों में 234 माओवादी मारे गए, 1192 गिरफ्तार किए गए तथा 1003 माओवादी पुनर्वासित हुए हैं। इसके अलावा 1092 आईईडी भी बरामद किए गए हैं।
बरामद हथियारों में 1 एलएमजी रायफल, 4 एसएलआर रायफल, 1 कार्बाइन, 5 .303 रायफल, 7 बीजीएल लॉन्चर, 1 पिस्टल समेत कई अन्य हथियार शामिल हैं। साथ ही सैकड़ों की संख्या में जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल, विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों और ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रधान संपादक


