
एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले -सट्टा, ब्लैक मनी और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार चलेगा अभियान
छत्तीसगढ़।रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हवाला और ब्लैक मनी के सबसे बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए रायगढ़ पुलिस ने करोड़ों रुपये के संगठित आर्थिक अपराध सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ऑनलाइन आईपीएल सट्टे से अर्जित काली कमाई को हवाला के जरिए व्हाइट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। मामले में करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार कर 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
एसएसपी ने बताया कि 26 अप्रैल को साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले छह आरोपियों को पकड़ा गया था। प्रारंभिक जांच में मिले मोबाइल डेटा, डिजिटल ट्रांजेक्शन और चैट रिकॉर्ड से बड़े नेटवर्क के संकेत मिले, जिसके बाद तकनीकी विश्लेषण और फाइनेंशियल ट्रेल के आधार पर पूरे सिंडिकेट का खुलासा हुआ।
एसएसपी सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी करन चौधरी रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली तक फैले नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। सट्टे से प्राप्त रकम को पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य व्यावसायिक माध्यमों से कैश डंप कर हवाला चैनलों के जरिए ट्रांसफर किया जाता था। जांच में कृष्ण प्राइड टावर निवासी पुष्कर अग्रवाल और उसके पिता सुनील अग्रवाल की भूमिका ब्लैक मनी को हवाला के जरिए व्हाइट करने में सामने आई।
पुलिस ने कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट में दबिश देकर 50 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल बरामद किए। वहीं दूसरे आरोपी के कब्जे से 52 लाख 60 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, यूपीआई ट्रांजेक्शन, चैट रिकॉर्ड और बैंकिंग पैटर्न से यह स्पष्ट हुआ कि यह केवल सट्टेबाजी नहीं बल्कि संगठित आर्थिक अपराध का बड़ा नेटवर्क था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है। फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार की तलाश जारी है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर तथा साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि नेटवर्क के अन्य जिलों और राज्यों से जुड़े लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा जिले में सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध से जुड़े किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। आर्थिक अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी कठोरता के साथ जारी रहेगी।
प्रधान संपादक


