छत्तीसगढ़ ।एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह के निर्देश पर बिलासपुर पुलिस को अंतरराज्यीय नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। तोरवा पुलिस ने पंजाब से बिलासपुर और आसपास के जिलों में हेरोइन सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 97.63 ग्राम हेरोइन, एक अल्टो कार, स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और 57 हजार 800 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।
एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार सख्ती बरतने और बाहरी राज्यों से आने वाले संदिग्धों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक कार में कुछ लोग हेरोइन बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही निरीक्षक नीलेश पांडेय के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध अल्टो कार की जांच की। तलाशी के दौरान कार में रखे बैग से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी पंजाब से बिलासपुर में हेरोइन सप्लाई करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के अमृतसर निवासी जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह के साथ मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत कार्रवाई की है।
पूरी कार्रवाई में तोरवा पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। एसएसपी रजनेश सिंह ने टीम की सराहना करते हुए जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
प्रधान संपादक


