Explore

Search

April 8, 2026 7:47 pm

अमलेश्वर पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग, 08 अप्रैल 2026।दुर्ग के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई संगठित चोरी के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन सहित कुल 8,22,480 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 25 जनवरी से 29 जनवरी 2026 के बीच घर से बाहर गया हुआ था। लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा और अंदर का ताला टूटा मिला तथा आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थे। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से रात के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी खिलेश दास मानिकपुरी ने अपने साथी भुनेश्वर उर्फ नानू यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि चोरी के जेवरात तीसरे आरोपी तुलेश्वर सोनकर उर्फ टिल्लू को बेचने के लिए दिए गए थे। चोरी की रकम से आरोपियों ने एक स्कूटी भी खरीदी थी।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 54 ग्राम सोना, 513 ग्राम चांदी, नगदी 6,480 रुपये, स्कूटी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री बरामद की है।

यह घटना ग्राम मोतीपुर, थाना अमलेश्वर क्षेत्र की है, जहां आरोपियों ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सूने मकान को निशाना बनाया था।

इस कार्रवाई में अमलेश्वर पुलिस और एसीसीयू टीम की संयुक्त भूमिका सराहनीय रही। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने की स्थिति में आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा पड़ोसियों या स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS