
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा गंभीर अपराधों में दोषियों को कड़ी सजा दिलाना पहली प्राथमिकता,पुलिस ठोस साक्ष्यों के साथ प्रभावी कार्रवाई कर न्यायालय में मजबूत चालान पेश करेगी”
रायगढ़, 8 अप्रैल 2026। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल को जिंदल अस्पताल पतरापाली से धनेश्वरी विश्वकर्मा (32) की आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर दबाव से दम घुटने को मृत्यु का कारण बताते हुए इसे हत्या घोषित किया गया, जिसके बाद मामला हत्या में परिवर्तित किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के परिजनों से पूछताछ की। जानकारी में सामने आया कि धनेश्वरी अपने पति से अलग रह रही थी और पिछले चार वर्षों से विकेश चौहान के साथ किरोडीमल नगर में लिव-इन संबंध में रह रही थी।
प्रकरण में संदेह के आधार पर पुलिस ने विकेश चौहान से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि आपसी विवाद के दौरान उसने महिला के मंगलसूत्र से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने का प्रयास करते हुए उसे अस्पताल ले जाकर सामान्य मृत्यु दर्शाने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपी विकेश कुमार बरेठ (26) निवासी भंवरमाल, जिला जांजगीर-चांपा के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में अपराध दर्ज कर 7 अप्रैल को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। टीम में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी सहित थाना स्टाफ की भूमिका रही।
एसएसपी श्री सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों में दोषियों के खिलाफ ठोस साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर न्यायालय में मजबूत प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से आपसी विवादों में हिंसा से बचने और कानूनी रास्ता अपनाने की अपील की है।
प्रधान संपादक


