Explore

Search

March 16, 2026 1:47 am

एसएसपी की सख्ती:मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, 14 लाख के 16 आईफोन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा रायगढ़ जिले में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा,पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ऐसे मामलों का त्वरित खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और आगे भी जारी रहेगा ”

रायगढ़, 15 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए 16 आईफोन मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 14 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार दुकान संचालक मोहम्मद फारुक ने 9 मार्च की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो शोकेस में रखे मोबाइल फोन अस्त-व्यस्त मिले। जांच में पता चला कि चोर दुकान की दूसरी मंजिल का ताला तोड़कर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से 16 आईफोन तथा काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया। मामले में सिटी कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान साइबर टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की, जिसके बाद पुलिस टीम रायपुर पहुंची। रेलवे स्टेशन पर तलाश के दौरान आरोपी ट्रेन में बैठकर रायगढ़ लौट रहा था, जिसे पुलिस टीम ने चलती ट्रेन में घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19) निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई। पूछताछ में उसने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही जनवरी 2026 में बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी अपने साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया।

पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान से चोरी के 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं एक अन्य आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21) निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़ के कब्जे से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी पुलिस कार्रवाई के माध्यम से ऐसे अपराधों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS