Explore

Search

February 10, 2026 3:01 pm

शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी सफलता ट्रांसफार्मर-कॉपर चोरी गिरोह का पर्दाफाश,17.30 लाख की संपत्ति बरामद

एम्बुलेंस के रूप में बोलेरो का इस्तेमाल कर की जाती थी कॉपर-एल्युमिनियम चोरी, 6 आरोपी गिरफ्तार,10 से अधिक चोरी का खुलासा

जांजगीर-चांपा।जांजगीर-चांपा जिले में विद्युत ट्रांसफार्मरों से कॉपर एवं एल्युमिनियम वायर चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक संगठित अंतरजिला चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ट्रांसफार्मर, कॉपर व एल्युमिनियम वायर, वाहन व औजार सहित कुल 17 लाख 30 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पाण्डेय के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में थाना शिवरीनारायण पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।

ट्रांसफार्मर चोरी की दर्ज हुई थीं शिकायतें

थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में 13–14 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात रोड दुरपा के पास लगे पुराने ट्रांसफार्मर से लगभग 230 किलोग्राम कॉपर चोरी होने की रिपोर्ट कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार सोनी द्वारा दर्ज कराई गई थी। इसी तरह 22 जनवरी 2026 को लोहर्सी क्षेत्र से लगभग 200 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इन मामलों में अपराध क्रमांक 21/2026 एवं 48/2026, धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी।

एम्बुलेंस बनाकर दिया जाता था वारदात को अंजाम

विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ संगठित रूप से ट्रांसफार्मर एवं केबल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों द्वारा बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस के रूप में तैयार कर रात्रि के समय वारदात को अंजाम दिया जाता था, ताकि पुलिस व आमजन को भ्रमित किया जा सके। चोरी के बाद कॉपर वायर को कबाड़ में खपाया जाता था।

गिरफ़्तार आरोपियों में अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी (26) संतोष भास्कर (38) वीरेन्द्र सुमन (39) राज आर्यन वानी उर्फ छोटू वानी (20) अमन रात्रे (20) राज आर्यन उर्फ रोहित वानी (21) शामिल है ।सभी आरोपी निवासी थाना मस्तूरी बिलासपुर के रहने वाले हैं ।

अन्य जिलों में भी वारदात करने की बात सामने आई

आरोपियों ने थाना मुलमुला, अकलतरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी एल्युमिनियम केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में 10 से अधिक वारदातों में उनकी संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में बलौदाबाजार-भाटापारा एवं बिलासपुर जिले में भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। संगठित अपराध की प्रकृति को देखते हुए आरोपियों पर धारा 111 BNS जोड़ी गई है।

आरोपियों से जप्त सामग्री में ट्रांसफार्मर, कॉपर व एल्युमिनियम वायर 4 मोबाइल फोन छोटा हाथी वाहन CG-10 AS-5452 बोलेरो एंबुलेंस (CG-10 AT-5255 कटर मशीन ब्लेड, पाना-पेचिस शामिल है पुलिस के अनुसार जिसकी कीमत: 17 लाख 30 हज़ार रुपए है ।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिवरीनारायण पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS