Explore

Search

April 17, 2026 12:11 am

सड़क हादसे में दो की मौत, तीन गंभीर घायल

बिलासपुर। पूर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे श्रद्धालुओं की कार बेलगहना क्षेत्र के ग्राम भसको के पास अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कचना निवासी रामकुमार धीवर (45) अपने साथियों निलेश्वर धीवर (38), निवासी दलदल सिवनी, सुखसागर मानिकपुरी (39), निवासी मजेठा, थाना खरोरा, अमित चंद्रवंशी (39), निवासी दलदल सिवनी तथा राजकुमार साहू के साथ कार से अमरकंटक जा रहे थे। कार निलेश्वर धीवर चला रहा था।

बताया गया कि सुबह करीब नौ बजे जब कार ग्राम भसको के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में रामकुमार धीवर और राजकुमार साहू को गंभीर चोटें आईं। मौके पर रामकुमार की मौत हो गई, जबकि राजकुमार ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बेलगहना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। चालक निलेश्वर धीवर के दोनों पैर टूटकर कार में फंस गए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

घायलों निलेश्वर धीवर, सुखसागर मानिकपुरी और अमित चंद्रवंशी को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद रतनपुर में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS