Explore

Search

February 27, 2026 3:00 am

9 से 11 जनवरी तक मिनोचा कॉलोनी में होगी जया किशोरी की नानी बाई का मायरा कथा एवं भजन

श्री प्रेम सेवा परिवार का आयोजन, 10 हजार श्रद्धालुओं के लिए भव्य पंडाल तैयार,आयोजकों ने दी जानकारी

बिलासपुर। विश्व विख्यात आध्यात्मिक कथावाचक जया किशोरी के सान्निध्य में मिनोचा कॉलोनी स्थित गार्डन परिसर में 9 से 11 जनवरी तक नानी बाई का मायरा कथा एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन का आयोजन श्री प्रेम सेवा परिवार द्वारा किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

आयोजन समिति के अनुसार, प्रतिदिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए कथा स्थल पर भव्य पंडाल एवं पर्याप्त बैठक व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगा।

श्री प्रेम सेवा परिवार के पदाधिकारियों राजेश गोयल, सुनील सुल्तानिया, विमल अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, बंटी सोथालिया एवं मनीष अग्रवाल ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि नानी बाई का मायरा राजस्थान की प्राचीन लोक परंपरा से जुड़ी कथा है, जिसमें विवाह के समय मायके पक्ष द्वारा भात भरने की परंपरा का वर्णन किया जाता है।

विमल अग्रवाल ने कथा की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि भक्त नरसिंह मेहता की पुत्री नानी बाई ने अपना सर्वस्व भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित कर दिया था। उनकी पुत्री सुलोचना के विवाह के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण स्वयं भात भरने पहुंचे और भक्तों को अपनी कृपा से अभिभूत किया। इसी प्रसंग को जया किशोरी अपनी ओजस्वी वाणी एवं भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं तक पहुंचाती हैं।

आयोजन समिति ने बताया कि बिलासपुर में जया किशोरी का यह पहला मायरा कथा आयोजन है। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कथा स्थल तक पहुंचने के लिए निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध रहेगी। परिसर में चार प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जिनमें से एक अति विशिष्ट अतिथियों के लिए आरक्षित रहेगा। किसी प्रकार का पास सिस्टम नहीं रखा गया है।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्री प्रेम सेवा परिवार के स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालते रहेंगे।

पत्रकारवार्ता के दौरान प्रेम सेवा परिवार के सदस्य राजेश अग्रवाल सुनील सुल्तानिया विमल अग्रवाल मनीष अग्रवाल बसंत अग्रवाल बजरंग अग्रवाल शुभम अग्रवाल बंटी सोथालिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS