जशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार 2 जनवरी को सड़क सुरक्षा माह के दूसरे दिन जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया।

रैली का नेतृत्व कलेक्टर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वयं हेलमेट पहनकर मोटरसाइकिल चलाते हुए लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। रैली में करीब 70 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
हेलमेट रैली की शुरुआत पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय परिसर से हुई, जो शहर के महाराजा चौक, बस स्टैंड, गिरांग चौक होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ग्राम घोलेंगे तक गई। इसके बाद रैली डोड़का चौरा चौक, गम्हरिया चौक, हाउसिंग बोर्ड, रणजीता स्टेडियम चौक से होते हुए पुनः पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय परिसर में संपन्न हुई।
इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास ने आम नागरिकों से अपील की कि मोटरसाइकिल चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाला दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। उन्होंने कहा कि हेलमेट का उपयोग जीवन सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है और यह गंभीर दुर्घटनाओं में जान बचाने में सहायक होता है।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी जीवन के लिए घातक हो सकती है। उन्होंने बताया कि अधिकांश दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती है। हेलमेट पहनने से ऐसी दुर्घटनाओं में जान जाने की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है। उन्होंने लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन और हेलमेट के महत्व के प्रति लगातार जागरूक किया जाएगा।
प्रधान संपादक


