
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मौके पर अधिकारियों को दिए जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बिलासपुर। जिला कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याएं कलेक्टर संजय अग्रवाल के समक्ष रखीं। राशन वितरण में अनियमितता, मजदूरी भुगतान, अतिक्रमण, स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी, बिजली कटौती और आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण जैसे मामलों पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में सबसे गंभीर शिकायत नवागांव सोनसाय के ग्रामीणों ने की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन दुकान संचालक हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दे रहा है। जांच में ई-पॉस मशीन से जुड़े कांटे में 20 किलो पर आधा किलो तथा 35 किलो पर करीब 800 ग्राम तक कम तौल मिलने की बात सामने आई। ग्रामीणों ने चने का वितरण नहीं किए जाने की भी शिकायत की।

इसी तरह तखतपुर तहसील के नवापारा निवासी ईंट भट्ठा मजदूर भोजराम डहरिया ने बताया कि 57,158 ईंटें बनाने के बावजूद उन्हें पूरी मजदूरी नहीं मिली। उनका आरोप है कि 59,850 रुपये की मजदूरी के स्थान पर भट्ठा संचालक ने केवल 36 हजार रुपये दिए और शेष राशि देने से इनकार कर दिया। कलेक्टर ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सेंवार के सरपंच दिलहरनलाल रजक ने गांव के विकास से जुड़े तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए 200 फलदार पौधों की मांग, पूर्व माध्यमिक शाला में नए शौचालय और प्रार्थना शेड निर्माण की स्वीकृति तथा मुक्तिधाम, तालाब और साप्ताहिक बाजार स्थल से अतिक्रमण हटाने एवं सीमांकन कराने की मांग रखी।
रानी दुर्गावती वार्ड की निवासी वृंदा पटेल ने निवास बदलने के कारण अपने राशन कार्ड को बिलासपुर से रायगढ़ जिले की उचित मूल्य दुकान में स्थानांतरित कराने का अनुरोध किया। वहीं मस्तूरी विकासखंड के वृंदावन निवासी दुकेश कुमार पाटले ने ग्राम पंचायत डंगनिया में गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने का विरोध करते हुए इसे गांव के भीतर स्थापित कराने की मांग की।
कोटा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चपोरा की सरपंच दीपमाला ने चपोरा विद्युत सब-स्टेशन के चारों फीडरों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी हो रही है।
जनदर्शन में शाला प्रवेशोत्सव, भूमि एवं राजस्व विवाद तथा अवैध कब्जों से संबंधित कई आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


