सीएम हेल्पलाइन, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान सम्मान निधि और 18 जुलाई के वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा
बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समयसीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की प्रगति पर असंतोष जताते हुए कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक नहीं, बल्कि संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण निराकरण होना चाहिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने जिले की एकल शिक्षकीय शालाओं में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवाएं भी लेने को कहा। साथ ही जर्जर स्कूल भवनों में कक्षाएं संचालित नहीं करने और वैकल्पिक भवनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नए भवन और अतिरिक्त कक्षों के प्रस्ताव भी जल्द भेजने को कहा।
डीएमएफ मद के तहत प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने डीएमएफ के प्रावधानों का उपयोग कर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि डीएमएफ के तहत विभिन्न पदों पर संविदा नियुक्तियों के लिए सहमति मिल चुकी है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष किसानों का सत्यापन 15 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए। आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने के साथ ही बताया कि जल्द ही इसे वेतन भुगतान से जोड़ा जाएगा।
बैठक में 18 जुलाई को प्रस्तावित जिलेव्यापी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को स्थानीय स्तर पर बैठक लेकर तैयारियां अंतिम रूप देने और जनभागीदारी के साथ अभियान सफल बनाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा अग्रिस्टेक पंजीयन, सुशासन तिहार, पीएमओ पोर्टल, जनदर्शन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, समय-सीमा प्रकरण, सीएम हेल्पलाइन तथा खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसानों को समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रधान संपादक


