Explore

Search

June 25, 2026 1:51 pm

फर्जी पुलिस बनकर वृद्ध महिला से सोने की चेन झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

“वरिष्ठ पुलिस आईपीएस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि झपटमारी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी”

रायगढ़, 7 मार्च। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में वृद्ध महिला से सोने की चेन झपटने की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की माला और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर कुल करीब 1.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए बस से निकले थे। सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर मरीन ड्राइव पंजरी प्लांट मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561 में सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी दुर्घटना के संबंध में पूछताछ करने लगे। आधार कार्ड दिखाने के बहाने बातचीत के दौरान एक आरोपी ने वृद्धा के गले से सोने की माला झपट ली और दोनों मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान कर पुलिस ने चमार सिंह यादव (55) निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़ और रामकुमार नायक (40) निवासी मधुवन पारा सिटी कोतवाली रायगढ़ को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 14 नग सोने की फोकली, एक सोने का पदक और काले मोती लगी सोने की माला बरामद की, जिसकी कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है, भी जब्त की गई।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS