बिलासपुर। खोंगसरा क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से वाहन को खाई से बाहर निकाल लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के एक परिवार के कुछ सदस्य शुक्रवार सुबह बोलेरो से अमरकंटक दर्शन के लिए निकले थे। वाहन खोंगसरा के पास स्थित माटिनाला के करीब पहुंचा ही था कि अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में उतर गई। हादसे के समय वाहन में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। बोलेरो को भी मामूली नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बेकहो लोडर मंगवाकर खाई में गिरी बोलेरो को बाहर निकलवाया। इसके बाद वाहन सवार परिवार अमरकंटक जाने का कार्यक्रम रद्द कर सरगांव लौट गया।
प्रधान संपादक


