इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई
मुंगेली। होली पर्व के दौरान एक बेजुबान कुत्ते के साथ क्रूरता कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 मार्च 2026 को प्रार्थी आकाश साहू (20 वर्ष) निवासी धनियाडोली, चौकी डिंडौरी थाना चिल्फी ने चौकी डिंडौरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 4 मार्च को होली मनाने के दौरान कुछ युवकों ने एक कुत्ते को कपड़ा पहनाकर उसके ऊपर रंग-गुलाल और कलर स्प्रे डाला। आरोप है कि उन्होंने कुत्ते की आंख और मुंह में भी रंग डाला तथा डंडे, हाथ और मुक्कों से मारपीट कर पशु के साथ क्रूरता की। इस घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया, जो वायरल हो गया और लोगों में आक्रोश की स्थिति बन गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस भोजराम पटेल ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन और लोरमी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी हरविंदर सिंह के निर्देश पर में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तरुण कुमार साहू (20 वर्ष) और लक्ष्मण साहू (22 वर्ष), दोनों निवासी धनियाडोली को गिरफ्तार कर लिया। इनके विरुद्ध थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 30/26 के तहत धारा 325 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 11(1)(क) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
देखे सोसल मीडिया में वायरल वीडियो
पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना चिल्फी के प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, चौकी डिंडौरी प्रभारी मनकराम धुव सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
प्रधान संपादक


