छत्तीसगढ़ ।बिलासपुर के थाना चकरभाठा क्षेत्र में ट्रेलर चालक को रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, लूटा गया मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 06 मार्च 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन रात करीब 3:10 बजे टोयोटा शोरूम चकरभाठा के पास ट्रेलर वाहन को एक सफेद रंग की टाटा पंच कार से आए दो युवकों ने रुकवाया। दोनों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए वाहन के बिल्टी पेपर दिखाने को कहा। पेपर नहीं दिखाने पर आरोपियों ने पैसों की मांग की और चालक से एक विवो कंपनी का मोबाइल, उसके कवर में रखे 1000 रुपये तथा ट्रेलर का बिल्टी पेपर लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में यशराज यादव (22 वर्ष) पिता गिरिराज यादव, निवासी पुराना बस स्टैंड के पीछे सरस्वती शिशु मंदिर के पास जांजगीर, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर तथा सुमित दुबे (27 वर्ष) पिता कमलेश दुबे, निवासी सरसीवा जिला सारंगढ़, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा पंच कार जब्त की है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
प्रधान संपादक


