Explore

Search

April 20, 2026 12:09 am

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई, कहा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष प्रेस लोकतंत्र की आधारशिला

रायपुर, 16 नवंबर 2025।राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया जगत से जुड़े सभी पत्रकारों, संपादकों तथा संचार कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रेस की निष्पक्षता तथा निर्भीकता लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संदेश में कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है। मीडिया न केवल नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है, बल्कि देशहित व लोकहित के मुद्दों को उजागर कर समाज में संवेदनशीलता भी बढ़ाता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस स्वतंत्र एवं निष्पक्ष प्रेस के महत्व को रेखांकित करने का विशेष अवसर है। इस दिन हम पत्रकारिता के उस मूल भाव को स्मरण करते हैं, जिसने भारत जैसे जीवंत लोकतंत्र को शक्ति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आशा व्यक्त की कि मीडिया अपनी प्रखरता, संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा के साथ आगे भी लोकतंत्र की राह को प्रकाशमान करता रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS