Explore

Search

November 19, 2025 3:35 pm

देश के जनजातीय समाज को विकास की राह में आगे बढ़ाने का काम कर रहे प्रधानमंत्री : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ में जनजातीय विकास को पीएम जनमन, ग्राम उत्कर्ष अभियान से मिल रही नई दिशा

बिलासपुर, पुलिस परेड ग्राउंड, बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास सदैव शौर्य, बलिदान और गौरव से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि मुगल शासन से लेकर अंग्रेजी हुकूमत तक, देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में जनजातीय समाज के वीरों ने जो योगदान दिया, वह अनुपम है, किंतु इतिहास के पन्नों में उन्हें वह स्थान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस ऐतिहासिक भूल को सुधारा और जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और विकास के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए। वे स्वयं भगवान बिरसा मुंडा की कर्मभूमि गए और समाज की प्रगति के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर पूरे देश में स्वाभिमान की नई ऊर्जा का संचार किया है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश के जबलपुर में रानी दुर्गावती संग्रहालय और रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन कर देशभर के जनजातीय योद्धाओं के योगदान को सम्मानित किया है। यह संग्रहालय डिजिटल स्वरूप में भी उपलब्ध है, जिससे नई पीढ़ी अपने इतिहास से परिचित हो सके। पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने ही झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर जनजातीय समाज को नई पहचान दिलाई। उन्होंने आदिम जाति मंत्रालय बनाकर जनजातीय विकास के लिए विशेष बजट प्रावधान किए। आज देश का सर्वोच संवैधानिक पद राष्ट्रपति आदिवासी समाज से होना गर्व की बात है, और छत्तीसगढ़ में भी आदिवासी समाज का बेटा मुख्यमंत्री के रूप में सेवा कर रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से लगभग 80 हजार करोड़ रूपए से अधिक राशि का प्रावधान कर 6600 से भी अधिक गांवों में विकास के कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना शुरू की गई है, जिसके तहत सड़क, आवास तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने गर्व से बताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर है और इस उपलब्धि के लिए राज्य को राष्ट्रपति महोदया द्वारा सम्मानित भी किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि वे इस ऐतिहासिक जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में उपस्थित हैं। उन्होंने बिलासपुर जिले में 329 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास पर जनता को बधाई दी। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों,सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों और समाजसेवियों और स्कैच तैयार करने वाली दीपिका धु्रव को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रमुख जनप्रतिनिधियों से चर्चा की तथा उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

बिलासपुर को मिली 329 करोड़ की सौगात : उपमुख्यमंत्री

कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे और जनजातीय समाज का इतिहास सदैव गौरवशाली रहा है। उन्होंने ट्राइबल म्यूजियम की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए लोगों से इसे अवश्य देखने की अपील की। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और जनजातीय समाज के प्रतिनिधिगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

बिलासपुर में लगेगी भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा – मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की। बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। शहर के एक प्रमुख चौक का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किया जाएगा। लाल खदान ओवरब्रिज का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह ओवरब्रिज के रूप में किया जाएगा। जनजातीय बालक-बालिकाओं के लिए 300-200 सीटर अत्याधुनिक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास खोले जाएंगे। कोटा ब्लॉक में जनजातीय समाज के लिए सुसज्जित सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS